ekadashi: एकादशी व्रत कथा


प्राचीन काल में मृत्युलोक में एक ब्राह्मणी रहती थी। वह सदैव एकादशी का व्रत किया करती थी। एक वार उस ब्राह्मणी ने एक मास तक व्रत किया। जिससे उसका शरीर अत्यंत दुर्बल हो गया। वह अत्यंत बुद्धिमान थी पर उसने कभी देवताओं या ब्राह्मणों के लिए कभी अन्न या धन का दान नहीं किया था। पर ब्राह्मणी ने व्रत आदि से अपना शरीर शुद्ध कर लिया था, जिससे उसको विष्णुलोक तो मिल ही जाएगा परंतु उसने कभी अन्न का दान नहीं किया, जिससे उसकी तृप्ति होना कठिन था। ऐसा सोचकर भगवान भिखारी का वेश बना मृत्युलोक में उस ब्राह्मणी के पास आए और उससे भिक्षा मांगी। ब्राह्मणी ने पूछा महाराज किसलिए आए हो? साधू का रूप धारण किए भगवान ने कहा- मुझे भिक्षा चाहिए। इस पर ब्राह्मणी ने एक मिट्टी का ढेला साधु के भिक्षापात्र में डाल दिया। साधु का रूप धारण किए हुए भगवान उस मिट्टी के ढेले को लेकर स्वर्ग में लौट आए। कुछ समय बाद ब्राह्मणी ने शरीर त्याग दिया और स्वर्ग पधारी। उस ब्राह्मणी को मिट्टी का दान करने से स्वर्ग में सुंदर महल की प्राप्ति हुई, परंतु उसने अपने घर को अन्नादि सब सामग्रियों से रहित पाया। घबरा कर वह भगवान के पास गई और कहने लगी भगवन् मैंने अनेक व्रत आदि से आपकी पूजा की, परंतु फिर भी मेरा घर अन्नादि सब वस्तुओं से रहित क्यों है। इसका क्या कारण है?
इस पर भगवान ने कहा- पहले तुम अपने घर जाओ। तुम्हारे घर देवस्त्रियां आएंगी तुम्हें देखने के लिए। पहले उनसे एकादशी व्रत का पुण्य और विधि सुनना, तब द्वार खोलना। भगवान के ऐसे वचन सुनकर ब्राह्मणी अपने घर गई। जब देवस्त्रियां ब्राह्मणी के घर आईं और द्वार खोलने को कहा तो ब्राह्मणी बोली- आप मुझे देखने आई हैं तो एकादशी व्रत का पुण्य और विधि मुझे सुनाए। उनमें से एक देवस्त्री ने पुण्य और विधि कही। ब्राह्मणी ने एकादशी व्रत की महिमा सुन द्वार खोल दिया। देवांगनाओं ने उसको देखा कि न तो वह गांधर्वी है और न आसुरी है वरन पहले जैसी मनुष्य है। उस ब्राह्मणी ने उनके कहे अनुसार एकादशी का व्रत किया। इसके प्रभाव से वह सुंदर और रूपवती हो गई तथा उसका घर अन्नादि समस्त सामग्रियों से युक्त हो गया।
इस ब्राह्मणी की तरह मनुष्यों को लोभ त्याग कर एकादशी का व्रत करके तिलादि का दान करना चाहिए। इससे अनेक प्रकार के कष्ट, दुर्भाग्य, दरिद्रता दूर होती है और व्रत करने वाला मनुष्य अंत मोक्ष प्राप्त करता है।

Post a Comment

0 Comments

may i help you click to call