आपने अलग-अलग मुद्रा में भगवान श्री हनुमान जी के चित्र देखे होंगे। जैसे, हवा में उड़ना, पर्वत उठाना या प्रभु श्री राम जी की भक्ति करना। हनुमान जी के प्रत्येक चित्र का महत्व और रहस्य अलग है। वास्तु के अनुसार भी इन तस्वीरों को लगाने से विशेष लाभ होता है। आइए जानते हैं कौन सी तस्वीर लगाने से क्या होता है फायदा।
पहाड़ उठाते:
अगर यह तस्वीर आपके घर में है, तो आपमें साहस, ताकत, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का विकास होगा। आप किसी भी स्थिति से नहीं डरेंगे। आपके सामने हर स्थिति छोटी दिखेगी और उसका तुरंत समाधान हो जाएगा।
उड़ते हुए:
अगर यह तस्वीर आपके घर में है तो आपकी तरक्की और सफलता को कोई नहीं रोक सकता, आपमें उत्साह और आगे बढ़ने का साहस भरा रहेगा। आप सफलता के पथ पर बढ़ते रहेंगे।
प्रभु श्री राम जी का भजन करते:
इस तस्वीर में हनुमान जी प्रभु श्री राम जी की भक्ति करते नजर आएंगे। अगर यह तस्वीर आपके घर में है तो आप में भक्ति और आस्था का संचार होगा। यही भक्ति और विश्वास आपके जीवन में सफलता का आधार है। इस चित्र की पूजा करने से जीवन के लक्ष्य की प्राप्ति में आने वाली बाधाएं दूर हो जाती हैं।
दास:
आपने प्रभु श्री राम जी के चरणों में बैठे हनुमान जी की तस्वीर तो देखी ही होगी, उन्हें पभु श्री राम जी का दास हनुमान कहा जाता है, जो हमेशा रामकाज करने के लिए उत्सुक रहते हैं। दास हनुमान जी की पूजा करने से व्यक्ति के भीतर सेवा और समर्पण की भावना विकसित होती है। धर्म, काम और रिश्तों के प्रति समर्पण और सेवा से ही सफलता मिलती है। लिविंग रूम में आप श्री राम दरबार की तस्वीर लगा सकते हैं जिसमें हनुमानजी उनके चरणों में विराजमान हैं।
ध्यान मुद्रा:
इस मुद्रा में हनुमानजी सिद्धासन या पद्मासन में आंखें बंद करके ध्यान कर रहे हैं। मोक्ष या शांति के आकांक्षी को हनुमानजी की यह तस्वीर लगानी चाहिए।
रोद्र या शक्ति मुद्रा:
यदि आपको लगता है कि आपके घर पर भूत, प्रेत आदि जैसी नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव है, तो आपको शक्ति की मुद्रा में हनुमानजी की तस्वीर लगानी चाहिए। आप इस चित्र को उत्तर की दीवार पर इस प्रकार लगाएं कि उनका मुख दक्षिण की ओर हो। इसके लिए आप पंचमुखी हनुमानजी की तस्वीर भी लगा सकते हैं।
पंचमुखी:
वास्तु विज्ञान के अनुसार जिस घर में पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति स्थित होती है, वहां उन्नति के मार्ग में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और धन-धान्य में वृद्धि होती है। पंचमुखी हनुमान जी का चित्र अंदर या बाहर ऊपर की ओर लगाया जाता है। यदि भवन में गलत दिशा में कोई जल स्रोत है तो इस दोष को दूर करने के लिए उस भवन में ऐसे पंचमुखी हनुमान जी का चित्र लगाना चाहिए, जिनका मुख उस जल स्रोत को देखते हुए दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर हो।
आशीर्वाद मुद्रा:
दाहिने हाथ से आशीर्वाद देते हुए हनुमान जी की तस्वीर को घर में लगाने से आप पर हमेशा हनुमान जी की कृपा बनी रहेगी। इससे घर में सुख, शांति और सद्भाव का निर्माण होता है।
लाल हनुमान जी का चित्र:
वास्तु शास्त्र के अनुसार घर की दक्षिण दीवार पर लाल रंग का हनुमान जी का चित्र लगाएं। ऐसा करने से यदि मंगल आपके लिए अशुभ है तो यह शुभ फल देने लगेगा, साथ ही अगर घर में कोई घरेलू विवाद चल रहा है तो वह दूर हो जाएगा और आपको हनुमानजी की कृपा मिलने लगेगी। साथ ही पूरे परिवार का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
इसके अलावा हनुमान के और भी चित्र हैं जैसे प्रभु श्री राम जी और हनुमान जी के मिलन का चित्र, सूर्य को निगलने जाते बाल हनुमान जी की तस्वीर, लंका जलते हुए का चित्र, हनुमान जी का राक्षसों का संहार करते, हनुमान जी का सीना फाड़ना , प्रभु श्री राम राम और लक्ष्मण को हनुमान जी के कंधे पर बैठा हवा में उड़ते हुए, वीर हनुमान जी के शंख बजाते हुए आदि अनेक चित्र हैं, जिनका अलग-अलग महत्व है।

0 Comments